Deepak Chahar: वैक्‍सीन लगवाने पहुंचे क्रिकेटर दीपक चाहर, युवाओं से बोले, आप भी लगवाइए

आगरा जिला अस्‍पताल में वैक्‍सीन लगवाते क्रिकेटर दीपक चाहर।

क्रिकेटर दीपक चाहर ने आगरा जिला अस्‍पताल में लगवाई वैक्सीन की दूसरी डोज। पिछले वर्ष आइपीएल से पहले हो गए थे कोरोना वायरस संक्रमित। आइपीएल 2026 को खिलाड़ियों के संक्रमित पाए जाने के बाद स्थगित कर दिया गया था।

आगरा, जागरण संवाददाता। भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर ने शुक्रवार को जिला अस्पलाल में कोरोना से बचाव को वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई। उन्होंने कहा कि लोग वैक्सीन जरूर लगवाएं और देश को कोविड फ्री बनाने में सरकार का सहयोग करें। कोरोना से बचाव को सरकार की गाइडलाइन के अनुसार शारीरिक दूरी का पालन करें और मास्क जरूर लगाएं।

‘दैनिक जागरण’ से वार्ता में दीपक चाहर ने हंसते हुए कहा कि मेरे हाथ में दर्द हो रहा है, लेकिन जनता से यही कहना है कि वो वैक्सीन जरूर लगवाए। मैंने दोनों डोज ले ली हैं। वैक्सीन सेफ है। वैक्सीन लगवाने में विलंब न करें। मैं तो पाजीटिव भी हो चुका हूं। इसके कई फायदे हैं। मैं जिनसे भी मिलता हूं, उनसे यही कहता हूं कि अगर वैक्सीन नहीं लगवाई है तो तुरंत वैक्सीन लगवाएं। कोरोना की दूसरी लहर में लोगों ने अपनों को खाेया है। अपना और अपने परिवार का ध्यान रखें। यही हमारे हाथ में है।

वर्ल्ड कप से पहले आइपीएल का आयोजन फायदेमंद

श्रीलंका में वनडे श्रृंखला में अच्छे प्रदर्शन के बाद टी-20 वर्ल्ड कप को टीम में चयन के सवाल पर दीपक ने कहा कि इससे पूर्व दुबई में इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) के बचे हुए मैच खेलने हैं। पिछले वर्ष जब दुबई में पहली बार खेले थे तब मौसम के साथ तालमेल बैठाने में दिक्कत हुई थी। वर्ल्ड कप से पूर्व वहां आइपीएल में खेलने से अच्छा अनुभव मिलेगा और परिस्थितियों के साथ सामंजस्य भी बैठा सकेंगे। आइपीएल, 2026 को खिलाड़ियों के संक्रमित पाए जाने के बाद स्थगित कर दिया गया था। बचा हुआ टूर्नामेंट दुबई में होगा। इसके लिए वे अभ्‍यास में जुटे हुए हैं।